मानसून आने से पहले जून की गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी, 5 जून के बाद बढ़ने लगेगी गर्मी की आग: मौसम विभाग

लखनऊ 
उत्तर प्रदेश में मानसून आने से पहले जून की गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। पिछले 2 दिनों से हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को थोड़ी राहत दी थी, लेकिन अब मौसम फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी हवा के सक्रिय होने से तापमान में 5 से 6 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से करीब 5 डिग्री कम था। बुधवार को भी मौसम कुछ हद तक सामान्य ही रहेगा। धूप और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के पूर्व से पश्चिम तक कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

5 जून के बाद मौसम होगा और गर्म
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जून के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और गर्म पछुआ हवाएं सक्रिय हो जाएंगी। जैसे ही पछुआ हवा चलेगी, तापमान में तेज वृद्धि होगी। अगले सप्ताह यानी 9 जून तक तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसका मतलब है कि प्रदेश में तेज लू चलेगी और तेज धूप से गर्मी का असर झेलना पड़ेगा।

फिलहाल मिली राहत, लेकिन जल्दी ही बढ़ेगी गर्मी
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में मानसून से पहले हुई बारिश ने फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत दी है। ना तो अब नौतपा (बहुत तेज गर्मी) है और ना ही लू की लहर। मौसम में नरमी है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन तक नहीं टिकेगी। अगले 2 दिन तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का असर रहेगा, लेकिन इसके बाद गर्मी फिर से पूरी ताकत के साथ बढ़ जाएगी।इसलिए प्रदेश के लोगों को आने वाले दिनों में तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। 

पसंद आई खबर, तो करें शेयर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *